अमेरिका। अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर शुक्रवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। यहां एक विशाल टैंकर ने किनारे पर खड़े यात्री क्रूज जहाज को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद क्रूज जहाज एक तरफ झुकने लगा और देखते ही देखते पलटकर नदी में डूब गया। हादसे के समय जहाज पर बड़ी संख्या में यात्री और क्रू मेंबर्स मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि बचाव दल ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे पोर्ट ऑफ न्यू ऑरलियन्स के पास हुआ। ‘अटलांटिक एस्फाल्ट’ नाम का टैंकर ‘अमेरिकन हेरिटेज’ नाम के पैडल व्हीलर क्रूज जहाज से टकरा गया। उस समय क्रूज जहाज बंदरगाह पर खड़ा था और यात्रियों के उतरने की प्रक्रिया चल रही थी। टक्कर के बाद जहाज में पानी भरने लगा और वह संतुलन खोकर पलट गया।
*32 यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया*
न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो के मुताबिक, हादसे के बाद 32 यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। जहाज पर मौजूद सभी लोगों का पता लगा लिया गया और किसी की मौत की सूचना नहीं है। बचाव अभियान में हार्बर पुलिस, दमकल विभाग, अमेरिकी कोस्ट गार्ड और आसपास मौजूद अन्य नावों के कर्मचारियों ने मदद की।
*टैंकर का नियंत्रण बिगड़ने की आशंका*
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टैंकर के नियंत्रण और स्टीयरिंग सिस्टम में गड़बड़ी के कारण टक्कर हुई हो सकती है। हालांकि, अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने स्पष्ट किया है कि हादसे की वास्तविक वजह अभी जांच के दायरे में है। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने भी मामले की जांच शुरू करने की तैयारी की है।
मिसिसिपी नदी में जहाजों की आवाजाही रोकी गई
हादसे के बाद राहत और सुरक्षा अभियान के लिए घटनास्थल के आसपास नदी में जहाजों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। क्रूज संचालन करने वाली कंपनी अमेरिकन क्रूज लाइन्स ने बताया कि सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित निकाल लिया गया है। कंपनी स्थानीय प्रशासन और कोस्ट गार्ड के साथ मिलकर काम कर रही है।
घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें टैंकर की टक्कर के बाद क्रूज जहाज को एक तरफ झुकते और पानी में पलटते देखा जा सकता है।
