
इंदौर. सुखलिया क्षेत्र में किराये के मकान में अनैतिक देह व्यापार संचालित होने की शिकायत पर हीरानगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है. मामले में मकान मालिक के खिलाफ भी अनैतिक गतिविधि संचालित होने देने और इसकी सूचना पुलिस को नहीं देने पर प्रकरण दर्ज किया है.
सुखलिया क्षेत्र के रहवासियों ने शिकायत की थी कि दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित एक मकान में रह रही महिला द्वारा अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है. शिकायत की तस्दीक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरती पति दीपक आटुडे उम्र 35 साल निवासी एएम सेकंड, 151, दीनदयाल उपाध्याय नगर, सुखलिया को गिरफ्तार कर लिया. जांच में सामने आया कि जिस मकान में गतिविधि संचालित हो रही थी, उसके मालिक शैलेन्द्र जोशी को भी इसकी जानकारी थी. पुलिस ने गतिविधि की सूचना थाने में नहीं देने और अपने मकान में अनैतिक गतिविधि संचालित होने देने के आरोप में उसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है.
शिकायत मिलने पर कराई तस्दीक, फिर कार्रवाई
एसीपी रुबिना मिजवानी ने नव भारत को बताया कि रहवासियों से मकान में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिली थी. पुलिस ने पहले सूचना की तस्दीक की, जिसके बाद महिला को गिरफ्तार किया. मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. इस तरह की गतिविधियों की शिकायत मिलने पर पुलिस तस्दीक करने के बाद सख्त कार्रवाई करेगी.
