भिंड: चंबल के बीहड़ों में बदमाशों के चंगुल से मुक्त कराए गए व्यापारी नीलेश जैन ने स्पष्ट किया है कि उनका किराना कारोबार अच्छा चल रहा है और उनका किसी से भी कोई लेन-देन का विवाद नहीं है। बाजार में किसी भी व्यापारी से उनके बारे में जानकारी ली जा सकती है।व्यापारी के अनुसार, आरोपी जिस लेन-देन की बात कर रहे थे, वह उससे पूरी तरह अनजान हैं। बदमाश पुराने समय के किसी बड़े लेन-देन का हवाला दे रहे थे, लेकिन किन लोगों ने किससे पैसा लिया था, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
नीलेश जैन ने कहा कि इस घटना के बाद से उनका जीवन संकट में पड़ गया है। जिन लोगों ने उन्हें जबरन उठाया था, उनसे दोबारा हमले की आशंका बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रात में परिवार के साथ भिंड लौटे
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद नीलेश जैन देर रात परिजनों के साथ भिंड पहुंचे। इसके बाद परिवार के सदस्यों और सदर बाजार के अन्य व्यापारियों ने उनसे मुलाकात कर कुशलक्षेम जानी।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी
सीएसपी निरंजन राजपूत के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला लेन-देन के विवाद से जुड़ा सामने आ रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए व्यापारी को चार आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया है। आरोपियों से पूछताछ कर उनकी पहचान की जा रही है। पुलिस अब अपहरण के पीछे के असली कारणों, कथित लेन-देन के विवाद और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
