सागर। सागर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश कुमार गोमे ने कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने VB-G RAM G, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, नल-जल, वाटरशेड, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, 15वां वित्त एवं एसआरएलएम की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में प्रस्तुत जानकारी तथ्यात्मक एवं अद्यतन हो तथा कम प्रगति के वास्तविक कारण स्पष्ट रूप से बताए जाएं।VB-G RAM G के अंतर्गत श्रमिक नियोजन की समीक्षा में जनपद पंचायत मालथौन, केसली, रहली, खुरई, देवरी एवं बण्डा में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर संबंधित सीईओ जनपद को सेक्टर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सतत मॉनीटरिंग कर नियमानुसार प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रगतिरत कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने को कहा।प्रधानमंत्री आवास योजना में एफटीओ एवं लंबित प्रथम किस्त की पेंडेंसी शीघ्र समाप्त करने तथा प्रतिदिन ग्रामवार हितग्राहियों की मॉनीटरिंग के निर्देश दिए। राज्य स्तर से तकनीकी कारणों से प्रकरण लंबित होने पर तत्काल पत्राचार कर निराकरण कराने को कहा।नल-जल योजनाओं के हस्तांतरण की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराने तथा शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों में पानी समितियों का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जीपीडी गुणवत्तापूर्ण रूप से एक सप्ताह में अपलोड करने तथा प्रगतिरत आंगनबाड़ी, सामुदायिक एवं पंचायत भवनों को शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। अप्रारंभ कार्यों का स्थल निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के कार्यों की समीक्षा करते हुए अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने तथा निरस्तीकरण योग्य कार्यों में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर कार्यों की वास्तविक स्थिति की निगरानी करने को कहा।सीएम हेल्पलाइन को प्राथमिकता देते हुए शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ अधिकतम शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने पदीय दायित्वों का निष्ठा, लगन एवं ईमानदारी से निर्वहन करने तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
