तेजाजी महाराज की कथा में उमड़ा भक्ति भाव, भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

पेटलावद। नाग पंचमी से तेजा दशमी के पावन पर्व के बीच घर-घर जाकर तेजाजी महाराज की कथा का वाचन करने की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा को थांदला का तेजाजी न्यास मंडल आज भी पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ आगे बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में पेटलावद नगर के बोराणा परिवार मे दीपक राठौड़ के यहां आयोजित तेजाजी महाराज की कथा में थांदला से आए तेजाजी न्यास मंडल के सदस्यों ने भक्तिमय एवं भावपूर्ण कथा की प्रस्तुति दी।

न्यास मंडल के सदस्यों द्वारा तेजाजी महाराज की कथा का वाचन अत्यंत मनमोहक और प्रभावशाली ढंग से किया गया। कथा के दौरान तेजाजी महाराज के त्याग, शौर्य, वचनबद्धता और लोककल्याण की गाथा का वर्णन सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। कथा के आध्यात्मिक वातावरण में श्रद्धालुओं ने भक्ति रस की गंगा में डुबकी लगाते हुए तेजाजी महाराज के जयकारों के साथ धर्म और आस्था का आनंद लिया।

तेजाजी महाराज राजस्थान एवं मालवा-निमाड़ सहित देश के अनेक क्षेत्रों में लोक आस्था के प्रमुख आराध्य देव माने जाते हैं। उनके जीवन का सबसे बड़ा संदेश वचन की दृढ़ता, सत्य के प्रति निष्ठा, साहस और लोककल्याणहै। यही कारण है कि तेजाजी महाराज की कथा केवल धार्मिक आख्यान नहीं, बल्कि समाज को सत्य, त्याग, सेवा और अपने वचन के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा भी देती है।

53 वर्षों से निरंतर निभा रहे धार्मिक परंपरा

थांदला का तेजाजी न्यास मंडल पिछले 53 वर्षों से तेजाजी महाराज की भक्ति एवं सेवा की इस अनूठी परंपरा को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। नाग पंचमी से लेकर तेजा दशमी तक न्यास मंडल के सदस्य विभिन्न परिवारों के घर पहुंचकर तेजाजी महाराज की कथा का वाचन करते हैं। यह परंपरा क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूत करने का कार्य कर रही है।

न्यास मंडल द्वारा थांदला स्थित तेजाजी महाराज मंदिर की व्यवस्था एवं संचालन भी लंबे समय से किया जा रहा है। आधी सदी से अधिक समय से श्रद्धा, सेवा और समर्पण के साथ धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में न्यास मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

न्यास मंडल का हुआ स्वागत-अभिनंदन

बोराणा परिवार द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में तेजाजी न्यास मंडल की मनमोहक कथा प्रस्तुति से प्रभावित होकर आर्यावर्त पत्रकार संघ, हिंदू जागरण मंच एवं राठौर समाज की ओर से मंडल के सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उपस्थितजनों ने कहा कि तेजाजी महाराज की कथा के माध्यम से हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं नई पीढ़ी तक पहुंच रही हैं और समाज में श्रद्धा, संस्कार एवं एकता का भाव मजबूत हो रहा है।

कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण तेजाजी महाराज की भक्ति से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर स्वयं को धन्य माना तथा तेजाजी महाराज से परिवार और समाज की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।

Next Post

किसी भी भूस्वामी की अनुमति के बगैर नहीं होगा खनन कार्य

Tue Sep 1 , 2026
आलीराजपुर। विभाग द्वारा जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भारतीय भू वैज्ञानिक सर्वेक्षण द्वारा किए गए सर्वे में खनिज ब्लॉक बड़ी जुवारी में ग्रेफाइट खनिज की पुष्टि हुई है। नियमों के अनुसार ग्राम पंचायत के माध्यम से ग्राम सभा का अभिमत लिया जाता है, ताकि आपत्ति अथवा अनापत्ति दर्ज […]

You May Like

मनोरंजन