भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में राजभाषा हिन्दी के व्यापक प्रचार-प्रसार और विकास के उद्देश्य से हिन्दी मास-2026 के अंतर्गत सभी वर्गों के कर्मचारियों के लिए हिन्दी कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में कुल 18 मौलिक कविताएं प्रस्तुत की गईं, जिनमें उत्पादकता, गुणता, हिन्दी, प्रबंधन सहित विभिन्न सार्थक विषयों को रचनाओं के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए महाप्रबंधक (मानव संसाधन) हेमराम पटेल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कविता की भावनात्मक शक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कविता हृदय से निकलती है और सीधे श्रोताओं के हृदय तक पहुंचती है। उन्होंने कविता पाठ को तनाव दूर करने का प्रभावी माध्यम भी बताया तथा प्रतिभागियों को गद्य और पद्य दोनों माध्यमों से अपनी अभिव्यक्ति को प्रभावशाली बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक (मानव संसाधन-राजभाषा) एवं सीआईएसएफ समन्वयक पूनम साहू ने किया। विशेष अतिथि अपर महाप्रबंधक (सीएमएम) पी. के. झा ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि बीएचईएल कर्मियों में तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ शब्दों को सृजनात्मक रूप देने की अद्भुत क्षमता भी है, जो संस्थान के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
निर्णायक नीतू धमीजा ने कविताओं की गुणवत्ता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगिता ने साबित किया है कि बीएचईएल प्रतिभा और क्षमता से समृद्ध संगठन है।
