उत्तर भारत में आंधी-बारिश का नया दौर शुरू होने के आसार: मौसम विभाग

नयी दिल्ली, 08 मई (वार्ता) मौसम विभाग ने शुक्रवार को देश के विभिन्न हिस्सों के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है जिसमें उत्तर-पश्चिम भारत में 11 से 14 मई बीच आंधी-तूफान और तेज हवाओं का एक नया दौर शुरू होने का अनुमान जताया गया है।

दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु में अगले सात दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके विपरीत, मौसम विभाग के बुलेटिन में राजस्थान और गुजरात के लोगों को भीषण गर्म हवाओं का प्रकोप होने के आसार जताये गये हैं।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 से 14 मई के दौरान बिजली कड़कने और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश के आसार हैं। विशेष रूप से 12 और 13 मई को उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में भी 11 मई की शाम से हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनने के आसार हैं।

केरल, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मानसून पूर्व की सक्रियता बनी रहेगी। इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश (7-11 सेमी) और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गयी है।

पूर्वी भारत की बात करें तो पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में आठ और नौ मई को तेज तूफान (50-70 किमी प्रति घंटा) आने और ओलावृष्टि होने की आशंका है।

एक तरफ जहां पहाड़ों और दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट है, वहीं पश्चिम भारत तप रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले सात दिनों तक पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ में गर्म हवाओं के चलने की स्थिति बनी रहेगी। गुजरात के अन्य हिस्सों में भी नौ से 14 मई के दौरान भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में राजस्थान का जैसलमेर 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा।

दिल्ली में अगले तीन दिनों तक आसमान साफ रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। 10 मई तक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ग्यारह मई की शाम या रात से धूल भरी आंधी और हल्की बारिश होने से गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए किसानों को सलाह दी गयी है कि वे कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखें और बागवानी फसलों को सहारा दें।

Next Post

ईडी ने गोवा में बैंक धोखाधड़ी मामले में तलाशी के दौरान 67.50 लाख रुपये नकद ज़ब्त किये

Fri May 8 , 2026
नयी दिल्ली, 08 मई (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल ही में क्राउन मिनरल ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन (सीएमटीसी ) और उसके साझेदारों से जुड़े एक बैंक धोखाधड़ी मामले के सिलसिले में छह जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। यह जानकारी ईडी के गोवा में पणजी स्थित कार्यालय ने शुक्रवार को दी। ईडी […]

You May Like