जबलपुर: गोहलपुर थाना अंतर्गत क्षेत्रीय बस स्टेण्ड के पीछे रैन बसेरा के सामने के पास बुधवार सुबह युवक के सिर पर पत्थर पटककर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौका-ए-वारदात पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी। हत्या का प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतक और आरोपी दोस्त है। शराब खरीदने दिए रूपयों को लेकर विवाद हुआ था जो हत्या में तब्दील हो गया।
श्रीमति कलावती बाई अहिरवार 55 वर्ष निवासी खिन्नी मोहल्ला कोतवाली ने बताया कि उसके पति का स्वर्गवास लगभग 20 वर्ष पहले हो चुका है उसका पुत्र आकाश उर्फ अक्कू अहिरवार 26 वर्ष आटो चलाने का काम करता था। बुधवार सुबह लगभग 5-30 बजे सोकर उठी थोड़ी देर बाद आकाश सोकर उठा और उससे चाय पीने के लिये 10 रूपये लेकर गया था थोड़ी देर बाद चाय पीकर वापस आकर, रोड पर जाने की कहकर घर से निकला था, कुछ समय बाद वह भी सब्जी लेने कृषि उपज मंडी जाने के लिये मेन रोड पहुंची जहां पर 7-8 लडक़े खड़े थे जिनमें बसंत और जगदीश को जानती है.
जिन्होंने उसे बताया कि 2-3 लडक़े अक्कू उर्फ आकाश को पकड़ कर मेट्रो अस्पताल की तरफ ले गये हैं, वह भागते हुये वहां जाकर देखी तो उसका बेटा आकाश रोड किनारे बस के पीछे रोड में औंधे पड़ा था जिसके सिर, मुंह से खून निकल रहा था अक्कू अंधरा, हिमांशु सोनी और भोले उर्फ देव, बेटे आकाश के अगल बगल में खड़े थे हिमांशु सोनी हाथ में पत्थर लिये था जो आकाश के सिर में पत्थर पटक दिया एवं देव उर्फ भोला और अंकू अंधरा आकाश को लात मार रहे थे। वह बेटे आकाश को बचाने एवं मद्द के लिये चिल्लाई तो तीनों शांतिनगर तरफ भाग गये। उसने बेटे को देखा जिसकी मौत हो चुकी थी।
ये हुए गिरफ्तार
टीआई रीतेश कुमार पाण्डे ने बताया कि आरोपी देवेंद्र झरिया उर्फ देव उर्फ भोले पिता जगदीश झरिया 27 वर्ष निवासी वार्ड 6 ग्राम बंचमपूरा कटंगी, हिमांशु सोनी पिता स्वर्गीय पिंटू उर्फ रमेश सोनी 23 वर्ष निवासी समता कॉलोनी, शांति नगर गोहलपुर, आकाश उर्फ अक्कू अहिरवार पिता पप्पू 27 वर्ष निवासी गोहलपुर को गिरफ्तार किया गया है। आज आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जायेगा।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
आरोपियों से पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतक एवं तीनों आरोपी आपस में दोस्त थे तीनों ने सुबह शराब लाने के लिये मृतक आकाश को 500 रूपये दिये थे जो शराब लेने गया था लेकिन शराब लेकर वापस नहीं आया था। जिसे तलाश करते रहो कुछ देर बाद आकाश मिला जिससे शराब मांगने पर नही दिया और न ही रूपये वापस किया इसी बात पर से आकश के साथ मारपीट कर हत्या कर दी।
