भोपाल। ऐतिहासिक मोतीलाल नेहरू स्टेडियम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। स्टेडियम में पुराने सिंडर ट्रैक की जगह आधुनिक 6-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक बनाया जाएगा। करीब 400 मीटर लंबे इस ट्रैक पर 8 धावक एक साथ दौड़ सकेंगे और एशियन व नेशनल गेम्स जैसी बड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। खिलाड़ियों की फिटनेस के लिए करीब 600 वर्गफीट का आधुनिक जिम भी बनाया जा रहा है। स्टेडियम की कुल प्रशासनिक स्वीकृति 32.52 करोड़ रुपए है और सिविल वर्क 30 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।
फिलहाल स्टेडियम में करीब 400 लोगों के बैठने की क्षमता है, जिसे बढ़ाकर 4232 किया जा रहा है। पार्किंग की क्षमता भी करीब 100 से बढ़ाकर 1000 वाहनों तक की जाएगी। सिंथेटिक ट्रैक पर करीब 4 करोड़ रुपए अलग से खर्च किए जा रहे हैं। नए बदलावों के बाद मोतीलाल नेहरू स्टेडियम भोपाल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए एक बेहतर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में तैयार होगा।
