जबलपुर: वर्तमान में बढ़ती मौसमी बीमारियों की चुनौती से निपटने और आमजन की सहूलियत के लिए जिले के समस्त शासकीय एवं प्राइवेट अस्पतालों को प्रतिदिन अपने यहाँ के उपलब्ध सामान्य बेड, आईसीयू बेड, आईसीसीयू बेड और वेंटीलेटर बेड की जानकारी नियमित सीएमएचओ ऑफिस की मेल आईडी पर उपलब्ध कराना होगा। जिसको लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवीन कोठारी ने दिशा निर्देश दिए हैं।
दरअसल बारिश के मौसम में वायरल फीवर, मच्छर जनित बीमारियाँ तथा अन्य संक्रमण तो बढ़ते ही हैं साथ ही दुर्घटनाओं में वृद्धि हो जाने के कारण मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो जाती है इससे शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव पड़ता है। इस दौरान मरीज के परिजनों को अस्पताल में उपलब्ध सामान्य बेड आईसीयू बेड, आईसीसीयू बेड तथा वेंटीलेटर बेड की सही जानकारी प्राप्त न होने के कारण कई अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, इससे मरीज गंभीर स्थिति में पहुंच जाता है।
ऐसी होगी योजना
बेड का ब्यौरा सीएमएचओ कार्यालय को प्राप्त होते ही इस जानकारी से प्रतिदिन प्रेस मीडिया अथवा सोशल मीडिया के फेसबुक पेज तथा इंस्टाग्राम आईडी आई ई सी ब्यूरो सीएमएचओ जबलपुर तथा विक्टोरिया हॉस्पिटल के माध्यम से सामान्य जनमानस को तत्काल अवगत कराया जा सकेगा कि शहर के किस अस्पताल में सामान्य बेड व आईसीसीयू बेड उपलब्ध है। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड के हितग्राहियों से संबंधित, बिल पेमेंट से संबंधित एवं इलाज से संबंधित शिकायतें भी कर सकते हैं जिस पर सीएमएचओ कार्यालय द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
