चोइथराम मंडी में रेकी के बाद होटल कर्मचारी को घेरा, धमकाकर नकदी-सामान लूटा

इंदौर: चोइथराम सब्जी मंडी में दिनदहाड़े होटल कर्मचारी को घेरकर लूट की वारदात से मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए. होटल के लिए सब्जी खरीदकर लौट रहे कर्मचारी को बदमाशों ने गेट नंबर 2 और 3 के बीच रोका. आरोप है कि पहले उसकी रेकी की गई और मौका मिलते ही जान से मारने की धमकी देकर नकदी और सामान छीन लिया. वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए, जबकि उनकी गतिविधियां मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं. घटना सुबह की है. होटल कर्मचारी मुकेश रोजाना की तरह चोइथराम मंडी में सब्जी खरीदने पहुंचा था.

खरीदारी करने के बाद वह मंडी से बाहर निकल रहा था. इसी दौरान गेट नंबर 2 और 3 के बीच बदमाशों ने उसे घेर लिया. पीड़ित के मुताबिक बदमाशों ने धमकाते हुए उसकी जेब में रखी नकदी और अन्य कीमती सामान छीन लिया. वारदात के बाद आरोपी तेजी से मौके से निकल गए. दिनदहाड़े मंडी परिसर में हुई इस घटना की जानकारी लगते ही व्यापारियों और खरीदारों में भी हलचल मच गई. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात से पहले कर्मचारी की गतिविधियों पर नजर रखी थी और मौका देखकर उसे सुनसान हिस्से में घेरा. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.

मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां नजर आने के बाद पुलिस उनकी पहचान और वारदात के बाद भागने वाले रास्ते का पता लगाने में जुटी है. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. अब फुटेज के जरिए यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या आरोपी पहले से मंडी में घूमकर रेकी कर रहे थे. थाना प्रभारी यशवंत बडोले का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं.

Next Post

गूगल नहीं, अब ‘ट्रैफिक साथी’ पर शिकायत…

Sun Aug 30 , 2026
इंदौर: शहर में यातायात नियमों के उल्लंघन, नो-पार्किंग और गलत तरीके से खड़े वाहनों की शिकायत अब सीधे ट्रैफिक पुलिस तक पहुंच रही है. इंदौर ट्रैफिक साथी एप पर 29 अगस्त तक मिली 1601 शिकायतों में से 1307 का निराकरण किया जा चुका है. खास बात यह है कि पुलिस […]

You May Like