गूगल नहीं, अब ‘ट्रैफिक साथी’ पर शिकायत…

इंदौर: शहर में यातायात नियमों के उल्लंघन, नो-पार्किंग और गलत तरीके से खड़े वाहनों की शिकायत अब सीधे ट्रैफिक पुलिस तक पहुंच रही है. इंदौर ट्रैफिक साथी एप पर 29 अगस्त तक मिली 1601 शिकायतों में से 1307 का निराकरण किया जा चुका है. खास बात यह है कि पुलिस केवल फोटो देखकर कार्रवाई नहीं कर रही, बल्कि मौके की वास्तविक स्थिति जांचने के बाद कार्रवाई कर रही है.

एप के जरिए मिली शिकायतों में कई मामलों में ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को हटवाया, जबकि कुछ मामलों में वाहन चालकों से फोन पर संपर्क कर समस्या का समाधान कराया. महारानी रोड पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों की शिकायत मिलने पर यातायात पुलिस ने कार्रवाई कर वाहनों को हटवाया. इसी तरह माणिकबाग ब्रिज पर नो-वे और नो-एंट्री की शिकायत मिलने पर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और क्रेन 401 को मौके पर भेजा.

खजराना रोड पर सड़क पर खड़े वाहनों की शिकायत भी एप के जरिए मिली. जांच में सामने आया कि वाहन गैस सिलेंडर की डिलीवरी के लिए खड़े किए थे. इसके बाद वाहन चालकों से फोन पर संपर्क कर वाहन हटवाए. साथ ही भविष्य में सड़क पर इस तरह वाहन खड़े नहीं करने की हिदायत दी गई. एप पर आने वाली शिकायतों में केवल फोटो या शिकायत के आधार पर सीधे कार्रवाई करने के बजाय उसकी वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है. इससे गलत शिकायतों की संभावना कम होने के साथ वास्तविक समस्या वाले मामलों में तुरंत कार्रवाई की जा रही है. मामले में एसीपी हिंदू सिंह मुवेल ने बताया कि 29 अगस्त 2026 तक एप पर 1601 शिकायतें प्राप्त हुईं. इनमें से 1307 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.

Next Post

हाईकोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण पर चला बुल्डोजर

Sun Aug 30 , 2026
  सीधी। जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के बंजारी गांव में जबलपुर हाईकोर्ट के आदेश के पालन में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान निजी भूमि पर बने मकानों को खाली कराने के बाद बुल्डोजर चलाकर कथित अवैध कब्जे को हटाया गया। मौके पर प्रशासन […]

You May Like