ग्वालियर: किला गेट चौराहे पर शक्कर के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस ने अनूठे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश और जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से लोगों को एक चुटकी शक्कर बांटकर बढ़ती कीमतों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी के घरेलू बजट को प्रभावित किया है। शक्कर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार में अब आम आदमी की पहुंच में सिर्फ इतनी ही मिठास रह गई है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण करने की मांग भी उठाई।
किला गेट चौराहे पर हुए इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र यादव, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा सहित पार्षद, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर के बढ़ते दामों को आम जनता से जोड़ते हुए सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
