ग्वालियर: बजरंग दल के जिला मंत्री के भाई की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद सुबह से ही आनंद नगर एवं विनय नगर क्षेत्रों में भारी तनाव व्याप्त है। मोमोज को लेकर आनंद नगर चौराहे पर हुई हत्या के विरोध में परिजनों एवं क्षेत्रीय निवासियों द्वारा सुबह से किए जा रहे चक्काजाम को हटाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंद नगर 100 फुटा रोड पर मोमोज खाने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया था, जहां बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक की पहचान विवेक मीणा के रूप में हुई है, जो बजरंग दल के सह-जिला मंत्री चेतन मीणा के भाई थे और शहर में ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता थे। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दूसरे एंगल से भी तफ्तीश जारी है।
