जबलपुर: आज सुबह से ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। आसमान में छाए घने काले बादलों के बीच सुबह से लगातार रिमझिम बारिश का दौर चल रहा है। दोपहर चढ़ गई, लेकिन अब तक सूरज देव के दर्शन नहीं हुए हैं। ठंडी हवाओं के चलने और लगातार गिर रही फुहारों के कारण वातावरण में ठंडक घुल गई है, इस झमाझम और रिमझिम के बीच लोग छतरियों और रेनकोट के सहारे अपनी मंजिलों की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं।
बरगी बांध के 5 गेट खुले
बरगी बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए गेटों से पानी की निकासी को 1031 क्यूमेक से घटाकर 370 क्यूमेक कर दिया है। वर्तमान में बांध के केवल 5 गेटों को आधा मीटर यानी 0.50 मीटर की ऊंचाई तक खोलकर पानी का नियंत्रित बहाव जारी रखा गया है ताकि निचले इलाकों में किसी भी तरह की बाढ़ की स्थिति न बने।
जानकारी के अनुसार बांध का मौजूदा जलस्तर 421.05 मीटर दर्ज किया गया है। इस समय बांध अपनी कुल लाइव क्षमता का 86.29 प्रतिशत यानी 2744 मिलियन क्यूबिक मीटर भरा हुआ है। कैचमेंट एरिया से जलाशय में 1241 क्यूमेक पानी की औसत आवक लगातार बनी हुई है।
