नामांतरण के लिए रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार

भिंड। मेहगांव में जमीन के नामांतरण के लिए रिश्वत ले रहे पटवारी को लोकायुक्त पुलिस ने आज पांच हजार रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।सिमार हल्के में पदस्थ पटवारी संजय बघेल पर आरोप है कि उसने फरियादी से नामांतरण के एवज में पहले 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में 10 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। फरियादी की शिकायत पर लोकायुक्त ने सत्यापन के बाद ट्रैप की कार्रवाई की और पांच हजार रिश्वत की पहली किस्त लेते ही पटवारी को दबोच लिया। फरियादी राघवेन्द्र बघेल ने अपनी पत्नी के नाम जमीन खरीदी थी। जमीन का नामांतरण कराने के लिए वह सिमार हल्के के पटवारी संजय बघेल के पास पहुंचा। फरियादी के मुताबिक नामांतरण की कार्रवाई के लिए पटवारी ने उससे 30 हजार रुपए की मांग की। राघवेन्द्र ने रिश्वत देने में असमर्थता जताई तो बातचीत के बाद रकम घटाकर 10 हजार रुपए तय की गई।

*फरियादी से अभद्रता भी की*

फरियादी राघवेन्द्र का आरोप है कि नामांतरण के काम को लेकर पटवारी से बातचीत के दौरान उसके साथ अभद्रता भी की गई। रिश्वत की मांग और व्यवहार से परेशान होकर राघवेन्द्र बघेल ने मामले की शिकायत लोकायुक्त ग्वालियर से की। आज राघवेन्द्र को पांच हजार रुपए देकर पटवारी के पास भेजा गया। राघवेन्द्र ने जैसे ही संजय बघेल को पांच हजार रुपए दिए और पटवारी ने रकम अपने कब्जे में ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। पटवारी को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू की गई है।

Next Post

हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन

Thu Aug 27 , 2026
चिचोली। कलचुरी कलार समाज महिला संगठन के तत्वधान में हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन नगर के बैतूल रोड स्थित डमरू रेस्टारेंट में किया गया। आयोजन में कल्चुरी कलार समाज की सैकड़ों महिलाएं सम्मिलित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के छायाचित्र के समक्ष पूजा अर्चना एवं दीप प्रज्वलित […]

You May Like