मप्र की विदेशी निर्यात क्षमता बढ़कर हुई 76 हजार करोड़

ग्वालियर/भिंड। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की चौथी नई यूनिट का शुभारंभ किया। कंपनी ने यहां 450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चौतरफा विकास के चलते मप्र की विदेशी निर्यात क्षमता बढ़कर अब 76 हजार करोड़ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अतीत में भिंड ने खराब पक्ष भी देखा है। लेकिन आज ये पूरा अंचल बदल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश-देश बदल रहा है। भिंड तो पूरी तरह एक अलग ही प्रकार का क्षेत्र है। यहां तो हनुमान जी भी डॉक्टर के रूप में रहते हैं। उन्होंने कहा कि आज इस चंबल की भूमि उपजाऊ भी है, टिकाऊ भी है और कमाऊ भी है। दो महीने से भी कम समय में प्रदेश में खुलने वाली यह तीसरी यूनिट है। इससे पहले 1500 करोड़ का गुना सीमेंट प्लांट और 3500 करोड़ का शिवपुरी प्लांट स्थापित हो चुके हैं। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमने केवल एमओयू नहीं किए, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मैं 8-10 महीने पहले यहां आया था। उस वक्त भी मैंने 1500 करोड़ की लागत के एलिक्सर इंडस्ट्रीज के प्लांट का भूमि-पूजन किया था। इसका लोकार्पण भी हम जल्दी करेंगे। उद्योग और निवेश के क्षेत्र के लिए , युवाओं के लिए, राज्य की समृद्धि के लिए प्रदेश केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। उन्होंने कहा कि जितने भी एमओयू होते हैं उसका दस फीसदी ही धरातल पर उतरता है। लेकिन, मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है, जहां 30 फीसदी से ज्यादा निवेश धरातल पर उतरा है। 10 लाख करोड़ से ज्यादा का निवेश अलग-अलग तरीके से मूर्त रूप ले रहा है। कई फैक्ट्रियों ने अपना उत्पादन भी शुरू कर दिया है। यहां कोई समुद्र नहीं है, लेकिन हमारे उत्पाद 7 समंदर पार पहुंच रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में जीआईएस से पहले हमारी सरकार ने रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित कर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में औद्योगिक विकास की संभावनाएं तलाशी थीं। इसी आधार पर ग्वालियर में टेलीकॉम सेक्टर की सबसे बड़ी यूनिट स्थापित की जाएगी। यहां टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) के माध्यम से ग्वालियर अंचल बदलेगा। चंबल बेल्ट में कभी दस्यु समस्या थी, लेकिन अब ग्वालियर-चंबल क्षेत्र निवेश, उद्योग और रोजगार के लिए अपनी पहचान बना रहा है। हजारों लोगों के घरों में सुबह का सबेरा आएगा। उन्होंने कहा कि जीआईएस 2027 जनवरी माह में आयोजित होगी। प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर इसका शुभारंभ करेंगे। हमारी सरकार मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। राज्य में तेज गति से आ रहे निवेश से रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। मध्यप्रदेश में बेरोजगारी दर सबसे कम है।

*’पीएम मोदी का संकल्प हो रहा पूरा’*

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार निवेश आ रहा है। पहले चंबल को देश का पिछड़ क्षेत्र माना जाता था। अब यहां धीरे-धीरे औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है। भिंड जिले में हाइड्रोजन तैयार करने के लिए प्लांट का शिलान्यास भी हो चुका है। मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र से प्रधानमंत्री मोदी के मेक इन इंडिया का संकल्प पूरा हो रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि गोदरेज के विस्तार से मालनपुर के स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

*’मलेरिया को मिलकर हराएंगे’*

कार्यक्रम के दौरान गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन निसाबा गोदरेज ने कहा कि मालनपुर से गोदरेज का रिश्ता 35 साल पुराना है। मेरे पिता आदि गोदरेज ने वर्ष 1991 में यहां साबुन निर्माण के लिए यूनिट शुरू की थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं के लिए सुरक्षा और आवास सहित सभी प्रकार सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। अब उन्हें नाइट शिफ्ट में काम करने का भी अवसर मिलेगा। महिलाओं को रोजगार, कौशल विकास और नेतृत्व क्षमता दिखाने के अवसर भी मिल रहे हैं। गोदरेज ने मलेरिया सहित अन्य मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए खास प्रोडक्ट तैयार किए। इस दौरान मध्य प्रदेश में मलेरिया के मरीजों की संख्या में कमी देखने को मिली थी। वर्ष 2030 तक मलेरिया मुक्त होने के लिए गोदरेज राज्य सरकार के साथ काम करने के लिए तैयार है।

Next Post

सदर में निकला जश्न-ए-मिलाद समाज जन हुए शामिल

Wed Aug 26 , 2026
जबलपुर। सदर क्षेत्र में ईद मिलाद-उन-नबी के मौके पर जश्न-ए-मिलाद का जुलूस निकाला गया। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की खुशी में बड़ी संख्या में समाजजन उत्साह और अकीदत के साथ जुलूस में शामिल हुए। जुलूस सदर की गली नंबर 11 से शुरू होकर गली नंबर 10 में पहुंचकर […]

You May Like