मास्टर चाबी से महंगी बाइक के लॉक खोलते, नशे और शौक के लिए करते थे चोरी

इंदौर: खजराना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन लाख रुपए से अधिक कीमत की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. आरोपी अपने साथ मास्टर चाबियों का गुच्छा रखते थे, जिससे महंगी बाइक के लॉक खोलकर चोरी कर लेते थे. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की वारदातें अपने शौक और नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे. पुलिस अब उनसे शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है.
फरियादी अल्ताफ की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी का प्रकरण दर्ज किया था.

जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में लोगों के घरों और प्रतिष्ठानों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. साथ ही ई रक्षक ऐप से मिली जानकारी और लगातार किए गए आसूचना संकलन के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध रंगून गार्डन, खजराना स्टार चौराहे के पास सुनसान स्थान पर खड़े हैं. सूचना पर थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव के नेतृत्व में विशेष टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया.

पूछताछ में उनकी पहचान फरदीन उर्फ कालू पिता यूनुस शेख उम्र 20 साल, निवासी झुमरू कॉलोनी खजराना, इरशाद पिता जाकिर खान उम्र 22 साल, निवासी हबीब कॉलोनी खजराना और मोहम्मद अशफाक अंसारी पिता अजीजुर रहमान उम्र 41 साल, निवासी दौलतगंज कोतवाली के रूप में हुई. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. इनमें एमपी 09 जेडडी 9769, एमपी 12 एमवाई 7056, एमपी 41 एनएफ 8660, एमपी 09 क्यूएक्स 0410 और एमपी 09 जेडएम 0233 शामिल हैं. बरामद वाहनों की कीमत तीन लाख रुपए से अधिक बताई गई है. पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बाइक चोरी के लिए मास्टर चाबियों का गुच्छा साथ रखते थे.

मौका देखकर इन चाबियों से बाइक का लॉक खोलते और वाहन लेकर फरार हो जाते थे. आरोपियों ने शहर के अन्य स्थानों से भी वाहन चोरी करना स्वीकार किया है. पुलिस के अनुसार फरदीन पढ़ा लिखा नहीं है और मजदूरी करता है. इरशाद पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है और लोडिंग वाहन चलाता है, जबकि अशफाक भी पढ़ा लिखा नहीं है और मजदूरी करता है. तीनों से खजराना थाना क्षेत्र के साथ ही शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी और दूसरी वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है. मामले में एडीसीपी जोन 2 अमरेन्द्र सिंह का कहना है कि आरोपियों के पास से मास्टर चाबियों का गुच्छा मिला है. पूछताछ में उन्होंने शौक और नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करना बताया है. आरोपियों से अन्य वारदातों और चोरी के वाहनों की जानकारी जुटाई जा रही है.

Next Post

रेलवे में टीसी बनाने का झांसा, 18.50 लाख गंवा बैठा युवक

Wed Aug 26 , 2026
इंदौर: रेलवे में टिकट चेकर की नौकरी लगवाने का सपना दिखाकर ठगों ने युवक से 18.50 लाख रुपए ऐंठ लिए. ठगी को भरोसेमंद बनाने के लिए आरोपियों ने उसे दिल्ली बुलाया, रेलवे अस्पताल में फर्जी मेडिकल कराया और होटल में नियुक्ति पत्र थमा दिया. इसके बाद जॉइनिंग के नाम पर […]

You May Like

Play sound