गुना जिला अस्पताल में मची अफरा-तफरी

गुना: जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान लग गए हैं। बुधवार सुबह अस्पताल परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भर्ती मरीज के लिए लाए गए पेयजल की बोतल में एक जिंदा सांप का बच्चा तैरता हुआ नजर आया। इस घटना के बाद से अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों और उनके तीमारदारों में भारी दहशत का माहौल है।

जानकारी सामने आई है कि ग्राम छीरखेड़ा के रहने वाले देवेंद्र धाकड़ जिला अस्पताल में भर्ती हैं। उनके अटेंडर ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे अस्पताल परिसर स्थित शिव मंदिर के पास लगे नल से पानी भरकर बोतल में लिया था। जब इस पानी को मरीज को पिलाने की तैयारी चल रही थी, तभी बोतल के भीतर सांप के बच्चे को देखकर लोगों के होश उड़ गए।

घटनास्थल पर मौजूद फतेहगढ़ निवासी सुंदर सेन ने तुरंत इस पूरी घटना का अपने मोबाइल कैमरे से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और तीमारदारों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अस्पताल की मुख्य पानी की टंकी या पाइपलाइन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिसके चलते टैंक से सांप का बच्चा नल के जरिए पानी की बोतल तक पहुंच गया।

अस्पताल आने वाले मरीजों के परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से पेयजल व्यवस्था और संपूर्ण परिसर की स्वच्छता की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि किसी भी बड़ी अनहोनी को समय रहते टाला जा सके।

Next Post

कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन पर विवाद बढ़ने के बाद ज्वैलरी ब्रांड जीवा ने उसे सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटा लिया है

Wed Aug 26 , 2026
नई दिल्ली, त्योहारी सीजन के दौरान प्रसिद्ध ज्वैलरी ब्रांड जीवा (GIVA) द्वारा अभिनेत्री कृति सेनन को लेकर जारी किया गया रक्षाबंधन विशेष विज्ञापन भारी विवादों में घिर गया है। विज्ञापन की आधुनिक थीम और प्रस्तुतिकरण को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आईं, जिसके बाद बढ़ते विरोध को देखते […]

You May Like

Play sound