
चेन्नई। भारत और वियतनाम के तटरक्षक बलों के बीच 7वीं उच्चस्तरीय बैठक चेन्नई में आयोजित हुई। बैठक 2015 में हुए तटरक्षक सहयोग संबंधी समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत हुई। इसकी सह-अध्यक्षता भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि, एवीएसएम, पीटीएम, टीएम और वियतनाम तटरक्षक बल के उप कमांडेंट मेजर जनरल लुओंग दिन्ह हंग ने की।
बैठक में समुद्री खोज एवं बचाव (SAR), समुद्री कानून प्रवर्तन, समुद्री प्रदूषण से निपटने और क्षमता निर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने पेशेवर आदान-प्रदान, जहाज यात्राओं सहित जारी सहयोगात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और सहयोग तथा परिचालन क्षमता को और बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
दोनों तटरक्षक बलों ने नियमित संस्थागत संवाद, प्रशिक्षण कार्यक्रम, पेशेवर आदान-प्रदान, सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने और जहाज यात्राओं को आपसी विश्वास, समन्वय और परिचालन सहयोग मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में भारत और वियतनाम ने समुद्री सुरक्षा, संरक्षा और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए मित्रता एवं सहयोग की भावना से मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई।
इसी द्विपक्षीय सहयोग के तहत भारत-वियतनाम तटरक्षक संयुक्त अभ्यास ‘सहयोग-होपताक’ (SAHYOG–HOPTAC) 27 अगस्त 2026 को समुद्र में आयोजित किया जाएगा। अभ्यास से दोनों तटरक्षक बलों को परिचालन समन्वय बढ़ाने और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा।
