
दतिया। कोतवाली थाना क्षेत्र में झांसी-ग्वालियर हाईवे पर आज रविवार को तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा झांसी चुंगी पुल के पास हुआ। कार हाईवे की रेलिंग तोड़ते हुए सर्विस रोड पर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत की बात रही कि कार में सवार महिला समेत तीनों लोग सुरक्षित बच गए।
झांसी निवासी धर्मेंद्र साहू अपने परिवार के साथ ग्वालियर से झांसी लौट रहे थे। वे अर्टिगा कार क्रमांक यूपी 93 सीएफ 9193 से जा रहे थे। झांसी चुंगी पुल के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई। चालक कार को संभाल पाता, इससे पहले कार हाईवे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर के बाद कार रेलिंग तोड़ते हुए सर्विस रोड पर पलट गई।
हादसे के बाद कार में सवार तीनों लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार को हटवाकर तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
