
नीमच। जिला मुख्यालय नीमच पर जिला कांग्रेस ने सोमवार को शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में वोट अधिकार सत्याग्रह सभा तथा वोट चोर गद्दी छोड़ पैदल मार्च भी निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्त्ता शामिल हुए। इस दौरान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश समेत देश भर में वोट चोरी की सरकार चल रही है। मध्य प्रदेश की सरकार चोरी की सरकार है। वोट जनता का अधिकार है हम उसे चोरी नहीं होने देंगे।
जीतू पटवारी ने कहा लोकसभा में 25 से ज्यादा सीटें चोरी के वोटो से जीती गई हैं। उन्होंने कहा मध्य प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र की प्रदेश सरकार भी चोरी के वोट से बनाई गई है। वोट एक ही भरोसा होता है जो देश को बंध कर रखता है। वोट में लोगों को उम्मीद रहती है कि हमारा विधायक जीत रहा है, हमारा पार्षद जीत रहा है, तो हमारे क्षेत्र हमारे मोहल्ले में काम करेगा। हमारा नेता ऐसा हो जो हमारे पास आए हम उसको बोल कर उससे अपने क्षेत्र के विकास का काम कराएं। हमारे परिवार में कोई तकलीफ हो तो हमारा विधायक हमारे पास पहुंचे। ऐसे देश की रीति नीति बनती है,तो एक वोट भरोसा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर आरोप लगाया है कि उन्होंने मप्र को शराब का कॉरिडोर बना दिया है। उन्होंने स्थानीय मुद्दो को भी उठाया और ढिल्लन भूखंड को लेकर कहा कि नपा में जमीनों के घोटाले जारी है। 500 करोड़ से ज्यादा भ्रष्टाचार किया जा चुका है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरूण बाहेती ने जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और सत्ता के खिलाफ लड़ाई लडऩे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रक्षा के लिए संकल्प लिया।
