
सारनी। भव्य रथयात्रा से गूंजा शहर,सारनी नगर के वार्ड क्रमांक 01 स्थित मनोकामेश्वर शिव मंदिर एवं मां अन्नपूर्णा मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को 11 हजार पार्थिव शिवलिंगों के महा-निर्माण और भगवान भोलेनाथ की भव्य रथयात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में शिवभक्तों की भीड़ जुटने लगी। महिला मंडल की विभिन्न टीमों ने महिलाओं के सहयोग से पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कराया। पुरोहित पंडित आलोक मिश्रा के सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुए। इसके बाद मनोकामेश्वर मंदिर से नगर पालिका रोड होते हुए मां अन्नपूर्णा मंदिर तक भव्य रथयात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और शिवभजनों की गूंज के बीच श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। खास बात यह रही कि बालिकाओं और बुजुर्ग माताओं ने भी रथ खींचकर अपनी आस्था प्रकट की।आयोजन में वार्ड पार्षद मीना ददन सिंह, अध्यक्ष किशोर वर्धै सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर पहुंचने के बाद 11 हजार पार्थिव शिवलिंगों का महाभिषेक एवं भव्य आरती हुई। इसके पश्चात विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई। शांति पाठ और देव विदाई के साथ आयोजन का समापन हुआ।
