
रीवा, रीवा शहर में मुसलाधार बारिश के चलते कई मोहल्लों में जलभराव होने से लोगो के घरों के अंदर पानी भर गया.शनिवार की सुबह वार्ड क्रमांक 15 में जलभराव से परेशान लोगो का सब्र टूट पड़ा और चोरहटा-रतहरा मार्ग पर जाम लगा दिया. जिसके बाद वाहनों की लम्बी कतार लग गई और आवागमन एक घंटे तक बाधित रहा. मौके पर थाना प्रभारी समान और नगर निगम के अधिकारी पहुंचे. आश्वासन के बाद जाम हटाया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में बने नाले का लेआउट सही नहीं होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी. इसी बीच क्षेत्र में सीवर लाइन का काम शुरू हुआ, जिसके चलते संबंधित कंपनी ने नाले को भी बंद कर दिया. इसका परिणाम यह हुआ कि बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया और सडक़ें तालाब जैसी नजर आने लगीं. घरों में पानी घुसने से लोगों का घरेलू सामान खराब हो गया और आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने पर लोगों ने सडक़ पर उतरकर विरोध जताया. सूचना मिलते ही नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों की समझाइश के बाद करीब सुबह 11 बजे धरना समाप्त हुआ. हालांकि, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है.
