6 घंटे में सात पोकलेन ने ढहा दिए 16 मकान

उज्जैन। शनिवार को विकास प्राधिकरण ने बेगम बाग क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लीज निरस्त हो चुके 16 मकानों को हटाया। कार्रवाई के दौरान 7 पोकलेन मशीन, जेसीबी, डंपर सहित भारी मशीनरी मौके पर लगाई गई थी। प्रशासन और पुलिस का भी पर्याप्त बल तैनात रहा। महाकाल मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्ग पर कार्रवाई के चलते यातायात का मार्ग परिवर्तित किया गया।

बेगम बाग क्षेत्र सिंहस्थ की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सिंहस्थ महाकुंभ में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है और अनुमानित 50 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए शहर में सडक़ों और प्रमुख मार्गों को चौड़ा करने की तैयारियां चल रही हैं। इसी क्रम में एमपीआरडीसी द्वारा क्षेत्र में सिक्स लेन सडक़ और सिक्स लेन पुल का निर्माण किया जा रहा है। आने वाले समय में यह मार्ग महाकाल मंदिर और सिंहस्थ क्षेत्र की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण कड़ी बनने वाला है। बेगम बाग का यह मार्ग महाकाल मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख रास्तों में शामिल है। सिंहस्थ-2028 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सिक्स लेन सडक़ और सिक्स लेन पुल का निर्माण पूरा होने के बाद इस पूरे क्षेत्र की यातायात क्षमता बढ़ेगी। प्रशासन और विकास प्राधिकरण की नजर में यह मार्ग सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन में मील का पत्थर साबित हो सकता है। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और सिंहस्थ की तैयारियों को देखते हुए बेगम बाग की कार्रवाई को इसी व्यापक विकास योजना से जोडक़र देखा जा रहा है।

सात पोकलेन, जेसीबी और डंपर लगाए-अधिकारी रहे मौजूद

कार्रवाई के लिए विकास प्राधिकरण ने बड़े स्तर पर मशीनरी जुटाई। मौके पर 7 पोकलेन मशीनों के साथ जेसीबी और डंपर लगाए गए। मशीनों से भवनों को हटाने का काम किया गया और मलबा डंपरों के माध्यम से मौके से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी के निर्देशन में कार्रवाई की गई। उज्जैन एसडीएम एलएन गर्ग, तहसीलदार शेफाली जैन भी मौके पर मौजूद रहीं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए महाकाल थाना पुलिस का बल तैनात किया गया था। महाकाल थाना टीआई गगन बादल पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।

Next Post

महाकाल में पहुंचे 18 हजार कावडि़ए, 106 वर्ष की महिला भी आई

Sat Aug 22 , 2026
उज्जैन। महाकाल मंदिर में महिदपुर से उज्जैन में कावड़ यात्रा के साथ आई 106 वर्षीय महिला श्रद्धालु ने समिति द्वारा उपलब्ध कराई गई व्हील चेयर पर बैठकर सुगमता से दर्शन किए। महिला श्रद्धालु के साथ कावड़ यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं ने भी मंदिर प्रबंध समिति द्वारा कावड़ यात्रियों के लिए […]

You May Like