
उज्जैन। महाकाल मंदिर में महिदपुर से उज्जैन में कावड़ यात्रा के साथ आई 106 वर्षीय महिला श्रद्धालु ने समिति द्वारा उपलब्ध कराई गई व्हील चेयर पर बैठकर सुगमता से दर्शन किए। महिला श्रद्धालु के साथ कावड़ यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं ने भी मंदिर प्रबंध समिति द्वारा कावड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि मंदिर प्रशासन द्वारा कावड़ यात्रियों की सुविधा, सुगम दर्शन एवं जल अर्पण के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। संध्या काल तक विभिन्न स्थानों से आए कुल 18,000 कावड़ यात्रियों द्वारा भगवान महाकाल को कावड़ का जल अर्पित किया गया। वहीं शाम 6 बजे तक लगभग 2,32,600 श्रद्धालुओं ने ज्योतिर्लिंग महाकाल के दर्शन किए।
