भोपाल। भोपाल मेट्रो के निर्माण कार्य के चलते 25 नवंबर से रोशनपुरा चौराहा से राजभवन तिराहे तक 20 दिनों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। रोशनपुरा से मुगल बाजार, जहांगीराबाद (जैन मंदिर) तक निर्माण कार्य तीन चरणों में किया जाना है।
पहले चरण में रोशनपुरा से राजभवन तिराहे तक काम होगा। इसके बाद राजभवन से कंट्रोल रूम तिराहा और तीसरे चरण में कंट्रोल रूम से मुगल बाजार, जहांगीराबाद चौराहे तक निर्माण किया जाएगा।
यह रहेगा नया रूट प्लान
रोशनपुरा से राजभवन (गांधी पार्क तिराहा) जाने वाले वाहन बाणगंगा चौराहा, केएन प्रधान तिराहा और मछलीघर होकर जा सकेंगे। वहीं, लिंक रोड-1 से आने वाले वाहन अंकुर स्कूल, रमेश टेलर और नरेश बटन भंडार के रास्ते रोशनपुरा पहुंच सकेंगे। विधानसभा, मंत्रालय और बिड़ला मंदिर जाने वाले वाहनों को एमएल रेस्ट हाउस, मालवीय नगर तिराहा, गांधी पार्क तिराहा और मछलीघर होकर जाना होगा। मार्ग संकरा होने के कारण यहां केवल दोपहिया और चारपहिया वाहनों को अनुमति रहेगी।
