
कीव, 22 अगस्त (वार्ता) यूक्रेन पर रूस के ताजा हमलों में शनिवार को कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी। इस बीच, शुक्रवार को क्रिवी रिह में एक शॉपिंग सेंटर पर हुए घातक हमले के बाद बचाव और राहत अभियान जारी है। कीव सिटी सैन्य प्राधिकरण के अनुसार, राजधानी के दार्नित्स्की जिले में एक इमारत में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इससे कुछ ही देर पहले शहर में हवाई हमले की चेतावनी जारी की गयी थी।
सरकारी रेलवे कंपनी यूक्रेनियन रेलवे के प्रमुख ओलेक्जांद्र पर्त्सोव्स्की ने बताया कि रूसी सेना ने बैलिस्टिक मिसाइलों से एक रेलवे प्रतिष्ठान को निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि मृतक वहां फोरमैन के पद पर कार्यरत था। उन्होंने शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “ओडेसा रेलवे भी हमले की चपेट में है।”
दक्षिण-पूर्वी यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र के गवर्नर इवान फेदोरोव ने बताया कि कुशुहुम में ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हुए हैं। ये हमले रूस द्वारा शुक्रवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह पर किए गए बड़े दिन के ड्रोन हमले के एक दिन बाद हुए हैं।
