सीधी: बारिश के दौरान भदौरा रेलवे अंडर ब्रिज में पानी के रिसाव के कारण ब्रिज मार्ग पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। अंडर ब्रिज के भीतर पानी जमा होने से राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश होने की स्थिति में समस्या और गंभीर होने की आशंका बनी हुई है। रेलवे द्वारा मोटर पंप लगाकर रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे से पानी निकासी के प्रयास किये जा रहे हैं लेकिन लगातार पानी आने से समस्या बनी हुई है। सीधी जिले के कुसमी ब्लाक अंतर्गत भदौरा रेलवे अंडर ब्रिज में बरसात के दिनों में जलभराव से आवागमन में दिक्कतें बढ़ जाती हैं। क्षेत्रवासियों के अनुसार रेलवे अंडर ब्रिज से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं।
बारिश के समय ब्रिज की छत एवं अन्य हिस्सों से पानी का रिसाव होने के कारण सड़क पर पानी एकत्र हो जाता है। जलभराव के चलते दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी होती है, वहीं पैदल निकलने वाले लोगों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडर ब्रिज में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के समय समस्या बार-बार सामने आती है। पानी लंबे समय तक जमा रहने से मार्ग की स्थिति खराब होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से भदौरा रेलवे अंडर ब्रिज का निरीक्षण कर पानी के रिसाव और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
इनका कहना है
भदौरा रेलवे अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य करीब एक साल से चल रहा है । निर्माण कार्य काफी घटिया होने से जगह- जगह से गिर रहा है। पानी का रिसाव होने से भारी जल भराव है और आवागमन बाधित है। समस्या को लेकर उनके द्वारा कलेक्टर सीधी को आवेदन दिया जा रहा है। यदि एक सप्ताह में जांच कार्रवाई नहीं होती तो मौके पर जन आंदोलन किया जायेगा।
आनंद सिंह ददुआ , समाजसेवी कुसमी
