
छिंदवाड़ा। जादू टोना के शक में वृद्ध के सिर में लोहे की राड़ मार कर हत्या कर दी गई थी. उक्त मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या के मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने बताया कि
25 अक्टूबर को ग्राम खुनाझिर खुर्द निवासी मृतक प्रताप पिता बल्जु धुर्वे 65 वर्ष का शव उसके ही खेत में बने मकान में खून से लतपथ अवस्था में पड़ा हुआ पाया गया था. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और घटना स्थल पर शव को देखने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया था. मामले की जांच में जुट गई थी जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की और ग्राम तिवड़ाकामथ निवासी संदेही पुरूषोत्तम पिता झलाराम को पकडकर आरोपी पुरूषोत्तम भलावी से पूछताछ की तो आरोपी पुरूषोत्तम ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई उत्तम करीब 8-10 साल पहले पागल हो गया था और घर छोड़कर कही चला गया था. अभी कुछ दिन पहले उसकी भतीजी भी घर छोड़कर चली गई थी. आरोपी को जानकारी लगी कि मृतक प्रताप धुर्वे घर बांधने का काम और जादू टोना करता है. जिसे कुछ दिन पहले इसके घर के आस पास भी रात के समय में देखा था. जिस कारण आरोपी द्वारा मृतक प्रताप धुर्वे जादू टोना करने का संदेह हुआ. घटना दिनांक को आरोपी पुरूषोत्तम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से घर में रखी लोहे की राड से 24 अक्टूबर की रात करीबन 7-8 बजे के मध्य मृतक प्रताप धुर्वे को लोहे की राड से 5-6 बार सिर में मारकर हत्या कर दिया. पुलिस ने आरोपी पुरूषोत्तम द्वारा घटना में प्रयुक्त लोहे की राड एवं घटना दिनांक को पहने हुये कपड़े जप्त कर लिया और आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है.
