
सिंगरौली । जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अतरवा के मकुरीखाड़ी टोला में शनिवार की देर रात 26 वर्षीय महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जियावन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतिका की पहचान रामकली गोंड उम्र 25 वर्ष पत्नी प्रीतम सिंह गोंड के रूप में हुई है। बताया गया कि उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक लगभग पांच वर्षीय पुत्र और एक पुत्री शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि गांव में इस मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि महिला के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दिए, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है। वहीं ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि महिला का पति शराब पीने का आदी है और घटना वाली रात भी उसके नशे में होने की बात कही जा रही है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। घटना की सूचना पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट प्रदीप सिंह देवसर, जियावन थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शेषनारायण दुबे, कुंदवार चौकी प्रभारी रामजी त्रिपाठी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल जियावन पुलिस आत्महत्या, हत्या अथवा अन्य किसी भी संभावना को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
