ग्वालियर: नगर निगम ग्वालियर द्वारा होली पर्व के अवसर पर “स्वच्छता के रंग, होली के संग” थीम के अंतर्गत विशेष अभियान आयोजित चलाया जा रहा है। यह अभियान महाराज बाड़ा मुख्य बाजार क्षेत्र में चल रहा है। इस पहल का उद्देश्य मुख्य बाजार के सार्वजनिक स्थानों, दीवारों एवं प्रमुख मार्गों पर बने लाल दाग को साफ करना तथा खुले में थूकने जैसी अस्वच्छ आदतों के प्रति नागरिकों को जागरूक करना है। पान-गुटखा आदि के कारण दीवारों पर बने लाल दाग शहर की स्वच्छ छवि को प्रभावित करते हैं।
अभियान के अंतर्गत विशेष सफाई अभियान चलाकर रेड स्पॉट चिन्हित कर उन्हें समाप्त किया जा रहा है। साथ ही व्यापारियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को यह संदेश दिया जा रहा कि वे सार्वजनिक स्थलों पर थूककर नए दाग न बनाएं और स्वच्छता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। नगर निगम ग्वालियर ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार एवं मित्रों के साथ इस स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनें और ग्वालियर को स्वच्छ, सुंदर एवं दाग-मुक्त बनाने में सहयोग प्रदान करें।
