रंजना चोपड़ा ने जनजातीय कल्याण योजनाओं की समीक्षा की

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (वार्ता) जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के इंदौर संभाग का दौरा कर मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन और जनजातीय समुदायों तक उनके लाभ की पहुंच की समीक्षा की। जनजातीय कार्य मंत्रालय ने आज बताया कि इस दौरे से अंतिम छोर तक जनजातीय कल्याण योजनाओं की पहुंच मजबूत करने, आदि सेवा केंद्रों जैसे संस्थागत ढांचे को सुदृढ़ करने तथा कौशल आधारित उद्यम, ग्रामीण पर्यटन और गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा के माध्यम से टिकाऊ आजीविका को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई गई है।

इस दौरान श्रीमती चोपड़ा ने जिलाधिकारियों को मंत्रालय की सभी योजनाओं का लाभ पात्र जनजातीय परिवारों और बस्तियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण के लिए विभागों के बीच समन्वय और तेज कार्रवाई पर जोर दिया। दौरे की शुरुआत इंदौर के मोरोद स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय से हुई। सचिव ने कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत की तथा विद्यालय में संचालित डिजिटल स्मार्ट कक्षाओं का जायजा लिया। विद्यार्थियों ने इंजीनियर, उद्यमी और विभिन्न क्षेत्रों में पेशेवर बनने की अपनी आकांक्षाएं साझा कीं। मंत्रालय के अनुसार, पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों सहित अनुसूचित जनजाति के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

इसके बाद टीम ने खरगोन जिले के महेश्वर स्थित बुनकर सुविधा केंद्र का दौरा किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े सहायता समूह द्वारा संचालित इस केंद्र में अनुसूचित जनजाति की महिलाएं प्रसिद्ध माहेश्वरी साड़ियों की बुनाई कर रही हैं। केंद्र में प्रतिदिन करीब 1,000 से 2,000 साड़ियों का उत्पादन होने की जानकारी दी गई। ट्राइफेड, स्वयं सहायता समूहों और जिला पंचायतों के माध्यम से बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है। सचिव ने यहां बुनकर महिलाओं, अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों और वन अधिकार अधिनियम के तहत पट्टा धारकों से भी बातचीत की। दौरे के दौरान सचिव ने इंदौर स्थित सिकल सेल रोग के लिए स्थापित सेंटर ऑफ कॉम्पिटेंस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जनजातीय आबादी में सिकल सेल रोग के उन्मूलन के प्रयासों के तहत स्क्रीनिंग, परामर्श और उपचार संबंधी सुविधाओं की समीक्षा की।

.....

Next Post

तीन थाना क्षेत्रों में चाकू समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

Thu Aug 20 , 2026
इंदौर: शहर में पुलिस ने अलग अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चाकू लेकर घूम रहे तीन आरोपियों को पकड़ा है. राजेंद्र नगर, बाणगंगा और चंदन नगर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू जब्त कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं.राजेंद्र नगर पुलिस ने […]

You May Like