नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) अरुणाचल प्रदेश में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी में अब तक करीब 50 हजार श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच चुके हैं।
संस्कृति मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि प्रदर्शनी की शुरुआत 31 अक्टूबर को तवांग स्थित गाडेन नामग्याल ल्हात्से मठ (तवांग मठ) में हुई थी, जो सात नवंबर तक जारी रही। इस दौरान तवांग और आसपास के क्षेत्रों के 31 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र अवशेषों के दर्शन किये।
इसके बाद आठ नवंबर को पवित्र अवशेष बोमडिला स्थित थुबचोग गात्सेल लिंग (टीजीएल) मठ पहुंचे, जिसे लोअर गोम्पा के नाम से भी जाना जाता है। यहां भी स्थानीय समुदाय और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर पवित्र अवशेषों के दर्शन कर रहे हैं।
बोमडिला के टीजीएल मठ में प्रदर्शनी 13 नवंबर तक जारी रहेगी। इसके बाद पवित्र अवशेषों को नामसाई स्थित गोल्डन पैगोडा ले जाया जाएगा जहां 14 से 20 नवंबर तक श्रद्धालु उनके दर्शन कर सकेंगे।
यह प्रदर्शनी केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय संग्रहालय, नयी दिल्ली, अरुणाचल प्रदेश सरकार और इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्फेडरेशन (आईबीसी), नयी दिल्ली के सहयोग से आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य देश की बौद्ध विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ बौद्ध समुदायों के साथ भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करना है।

