द.कोरिया को ट्रंप के सैन्य अभ्यास कम करने के आदेश की अग्रिम सूचना नहीं दी गयी : विदेश मंत्री चो

सियोल, 19 अगस्त (वार्ता) दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून ने बुधवार को कहा कि सरकार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संयुक्त सैन्य अभ्यासों में कटौती के निर्देश की पहले से जानकारी नहीं दी गयी थी।

श्री चो ने नेशनल असेंबली की विदेश मामलों और एकीकरण समिति के समक्ष कहा, “न तो हमारी सरकार और न ही अमेरिकी अधिकारियों को पता था कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर क्या लिखा है।”

स्थानीय मीडिया के अनुसार, उन्होंने कहा, “हमें पहले से इसकी सूचना नहीं दी गयी थी।”

दक्षिण कोरिया और अमेरिका के बीच जारी संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ में कटौती के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री आन ग्यू-बैक अमेरिकी समकक्षों के साथ ‘करीबी विचार-विमर्श’ कर रहे थे। उन्होंने कहा, “चूंकि हमारे रक्षा मंत्री इन चर्चाओं में शामिल थे, इसलिए मुझे नहीं लगता कि इसे एकतरफा सूचना देना कहा जा सकता है।”

युद्धकालीन परिचालन नियंत्रण के प्रस्तावित हस्तांतरण पर कम किये गये सैन्य अभ्यास के संभावित प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर श्री चो ने कहा कि अमेरिका को अभ्यास में कटौती को हस्तांतरण में और देरी का कारण नहीं बनाना चाहिये, क्योंकि इन अभ्यासों में कटौती अमेरिका के अनुरोध पर की जा रही है।

अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के बीच इस वर्ष शरद ऋतु में संभावित शिखर बैठक के बारे में श्री चो ने कहा कि अगर ऐसी बैठक होती है तो यह एक नया मोड़ साबित होगी।

उन्होंने कहा, “दक्षिण कोरियाई सरकार उत्तर कोरिया के साथ बातचीत के रास्ते खोलने के लिए पूरी तैयारी कर रही है और हम इस अवसर को हाथ से नहीं जाने देने के लिए अमेरिका के साथ करीबी समन्वय करेंगे।”

श्री चो ने बताया कि दक्षिण कोरिया ने अपनी ऐसी मंशा से अमेरिका को अवगत करा दिया है, लेकिन अभी तक उसे कोई जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हाल में ट्रंप द्वारा वाशिंगटन और प्योंगयांग के बीच हुई बातचीत के विवरण के बारे में भी जानकारी मांगी है।

यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका उत्तर कोरिया के साथ बातचीत आगे बढ़ाते समय दक्षिण कोरिया को अलग-थलग कर सकता है, श्री चो ने कहा कि उनका मंत्रालय संबंधित अमेरिकी एजेंसियों के साथ बातचीत के जरिए आवश्यक कदम तेजी से उठाएगा और यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा कि दक्षिण कोरिया-अमेरिका गठबंधन कमजोर न हो।

उल्लेखनीय है कि दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने जारी उल्ची फ्रीडम शील्ड (यूएफएस) संयुक्त सैन्य अभ्यास की अवधि 11 दिन से घटाकर पांच दिन करने का फैसला किया है।

केबीएस प्रसारक ने दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के हवाले से बताया कि यह फैसला अमेरिकी पक्ष के सुझाव पर लिया गया है। इसके साथ ही, मैदानी प्रशिक्षण अभ्यासों की संख्या भी आधी की जाएगी। सोमवार से शुरू हुआ यह सैन्य अभ्यास पहले 27 अगस्त तक चलने वाला था।

You May Like