जबलपुर:अधारताल थाना अंतर्गत सुभाष नगर महाराजपुर से एक 17 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घर से 25 हजार नगद, जेवर भी गायब है। पीडि़त परिजनों ने पहले तो अपने स्तर पर उसकी खोजबीन की लेकिन जब उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा तो वे सीधे थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुभाष नगर महाराजपुर निवासी 17 वर्षीय किशोरी घर पर मौजूद अपने भाई राजेश वंशकार को यह कहकर निकली थी कि वह पास ही में रहने वाली अपनी नानी के घर जा रही है। लेकिन जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। नानी के घर जाकर पूछताछ करने पर पता चला कि किशोरी वहां पहुंची ही नहीं थी।
परिजनों ने जब घर की तलाशी ली तो पता चला कि किशोरी अपने साथ घर में रखे 25,000 रुपये नगद, एक चांदी की चेन और एक जोड़ी चांदी की पायल भी अपने साथ ले गई है। रिश्तेदारों, पड़ोसियों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन करने के बाद भी जब किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला, तब जाकर परेशान पिता ने थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। साथ ही अज्ञात पर बहला फुसलाकर अपहरण कर ले जाने की आशंका जाहिर की। पुलिस ने अज्ञात पर अपहरण का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
