कैफे-रेस्टोरेंट में केबिन और पर्दों की आड़ में चल रहा था गंदा काम, पांच सील

जबलपुर: शहर के रेस्टोरेंट कैफे में नियमों की धज्जियां उड़ाकर केबिन कल्चर चलाने वालों पर पुलिस ने नगर निगम प्रशासन के साथ मिलकर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ओमती, मदनमहल और अधारताल, माढ़ोताल, क्षेत्र में चल रहे ऐसे 5 नामी कैफे रेस्टोरेंट को पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने रंगे हाथों अनियमितताएं पाते हुए सील कर दिया है। एएसपी अनु बोनीवाल के नेतृत्व में हुई इस औचक छापेमारी से शहर के कैफे संचालकों में हडक़ंप मच गया है।

एएसपी अनु बोनीवाल ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के कई रेस्टोरेंट और कैफे में नियमों के विरुद्ध जाकर छोटे-छोटे गुप्त केबिन बनाए गए हैं। इन केबिनों में गहरे रंग के पर्दे लटकाए गए थे और इन्हें आने वाले ग्राहकों को घंटों के हिसाब से मोटी रकम लेकर किराए पर दिया जा रहा था। पुलिस को इन बंद केबिनों की आड़ में अनैतिक व संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर गोपनीय तरीके से ऐसे संदिग्ध ठिकानों की लिस्ट तैयार की।
रेड पडऩे तक टीम को भी नहीं थी लोकेशन की भनक
कार्रवाई को पूरी तरह से गुप्त रखने के लिए एएसपी अनु बोनीवाल ने एक विशेष रणनीति बनाई। नगर निगम की टीम और भारी पुलिस बल को अचानक मुख्यालय बुलाया गया। गोपनीयता का आलम यह था कि कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों और निगम अधिकारियों तक को यह नहीं बताया गया था कि छापा कहां मारना है। जैसे ही टीम रवाना हुई, चिन्हित किए गए पांचों ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई, जिससे संचालकों को संभलने या केबिन हटाने का मौका ही नहीं मिला।
दस्तावेजों की जांच, सात दिन में केबिन हटाने का अल्टीमेटम
रेस्टोरेंट कैफे के भीतर बंद केबिन बनाना और पर्दे लगाना कानूनन अपराध और व्यावसायिक नियमों का सीधा उल्लंघन है। मौके पर टीम ने सभी प्रतिष्ठानों के वैध दस्तावेजों, गुमास्ता और फायर एनओसी जैसी अनुमतियों की जांच की। नियमों की अवहेलना पाए जाने पर पांचों कैफे को मौके पर ही सील कर दिया गया। सख्त हिदायत देते हुए सभी संचालकों को सात दिन का समय दिया है। इस अवधि के भीतर उन्हें अपने प्रतिष्ठान से सभी अवैध केबिन और पर्दे हटाने होंगे, ऐसा न करने पर आगे की कार्रवाई होगी ।
कई रडार पर हैं कैफे रेस्टोरेंट, स्पा सेंटर
सूत्रों की माने तो यह कार्रवाई यहीं नहीं रुकने वाली है। शहर के अन्य इलाकों में संचालित हो रहे रेस्टोरेंट और कैफे, स्पा सेंटर भी पुलिस की रडार पर हैं। आने वाले दिनों में यह सर्चिंग अभियान और तेज किया जाएगा और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां बिना किसी रियायत के सीधे कार्रवाई होगी।
ये हुए सील
रसल चौक स्थित डीएक्स कैफे, मदनमहल स्थित एरिक कैफे, अधारताल स्थित कम 25 कैफे, माढ़ोताल खजरी खिरिया स्थित चैप्टर वन रेस्टोरेंट कैफे को सील किया ग या है।

Next Post

ईरान ने जहाजों पर हमला किया तो निशाने पर आएंगे ईरान के पुल, बिजली संयंत्र : ट्रंप

Thu Jul 23 , 2026
वाशिंगटन, (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को चेतावनी दी कि यदि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर आगे भी हमले किये तो अमेरिका तेहरान सहित ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों को निशाना बनाकर नष्ट कर देगा। श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ […]

You May Like