इंदौर: तीन इमली चौराहे पर मंगलवार शाम आरटीओ और यातायात पुलिस की संयुक्त चेकिंग में यात्री और स्कूली वाहनों में कई अनियमितताएं सामने आईं. बिना वैध परमिट के संचालित मिल रही एक बस को टीम ने मौके पर जब्त कर लिया. वहीं अन्य वाहनों पर भी नियमों के उल्लंघन के चलते कार्रवाई की गई.
चेकिंग के दौरान स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाली वैन समेत यात्री वाहनों के दस्तावेज, परमिट और अन्य जरूरी मानकों की जांच की गई. कार्रवाई में वाहन संचालकों से कुल 1 लाख 31 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया. आरटीओ प्रदीप शर्मा का कहना है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा और यात्री वाहनों में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी. बिना जरूरी दस्तावेज या अनुमति के वाहन चलाने वालों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी.
