बीपीसीएल ने भारतीय सेना के लिए पहली एक्सट्रीम वेदर ग्रेड डीजल रेक रवाना की

बीना:भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल ) ने भारतीय सेना की ऊंचाई वाले और बेहद ठंडे क्षेत्रों में होने वाली गतिविधियों के लिए विशेष रूप से तैयार एक्सट्रीम वेदर ग्रेड (एक्सडब्ल्यूजी ) डीजल की पहली रेक बीना रिफाइनरी से रवाना की।पहली एक्सडब्लूजी डीजल रेक को लेफ्टिनेंट जनरल मुकेश चड्ढा, एवीएसएम , एसएम , वीएसएम , डीजीएसटी , आईएचक्यू ऑफ़ एमओडी (आर्मी) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बीपीसीएल के निदेशक (मार्केटिंग) शुभंकर सेन के साथ भारतीय सेना, भारतीय रेलवे और बीपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एक्सडब्लूजी डीजल को बीपीसीएल ने देश में ही विकसित किया है। भारतीय सेना के सामने अत्यधिक ठंड और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सैन्य वाहनों के संचालन के दौरान आने वाली चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यह विशेष डीजल तैयार किया गया है। इसके विकास में बीपीसीएल के कॉरपोरेट रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर (सीआरडीसी) और बीना रिफाइनरी ने मिलकर काम किया।
इस विशेष डीजल की खासियत है कि यह बहुत कम तापमान में भी बेहतर प्रदर्शन करता है। इसमें बेहतर कोल्ड स्टार्ट, कम तापमान में आसानी से ईंधन प्रवाह, बेहतर वाहन संचालन, कम रखरखाव और कठिन मौसम में अधिक भरोसेमंद प्रदर्शन जैसी खूबियां हैं।
बीपीसीएल ने कहा कि एक्सडब्लूजी डीजल का विकास कंपनी की तकनीकी क्षमता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारतीय सेना के लिए ईंधन की भरोसेमंद आपूर्ति सुनिश्चित करने और सैन्य अभियानों की तैयारी एवं कार्यक्षमता को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
बीपीसीएल के निदेशक (मार्केटिंग) शुभंकर सेन ने कहा कि एक्सट्रीम वेदर ग्रेड डीजल का सफल विकास और पहली रेक की रवानगी बीपीसीएल की शोध क्षमता, तकनीकी दक्षता और आत्मनिर्भर भारत के प्रति प्रतिबद्धता का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बीपीसीएल देश की रणनीतिक जरूरतों के अनुरूप नए और उपयोगी ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।बीपीसीएल बीना रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक के. के. दास ने कहा कि पहली एक्सडब्लूजी डीजल रेक की रवानी बीना रिफाइनरी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बीपीसीएल की शोध, रिफाइनिंग, मार्केटिंग और लॉजिस्टिक्स टीमों के बेहतर तालमेल और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि बीना रिफाइनरी आगे भी देश की जरूरतों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले विशेष ईंधन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बीपीसीएल के बिजनेस हेड (इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल सॉल्यूशंस) मनोज मेनन ने कहा कि कंपनी देश के रणनीतिक क्षेत्रों के लिए विशेष ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है। भारतीय सशस्त्र बलों को बिना रुकावट और भरोसेमंद ईंधन उपलब्ध कराना बीपीसीएल की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
बीना रिफाइनरी से एक्सडब्लूजी डीजल की पहली रेक की रवानी से भारतीय सशस्त्र बलों के लिए भरोसेमंद ऊर्जा साझेदार के रूप में बीपीसीएल की भूमिका और मजबूत हुई है। साथ ही, यह उपलब्धि देश की रणनीतिक जरूरतों के अनुसार विशेष ईंधन तैयार करने में बीना रिफाइनरी की क्षमता को भी दर्शाती है।

Next Post

जाति गणना पर मोदी सरकार ने फिर मारी पलटी : कांग्रेस

Tue Aug 18 , 2026
नयी दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस ने जाति आधारित जनगणना को लेकर मोदी सरकार पर फिर यू-टर्न लेने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह जाति आधारित जनगणना को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स […]

You May Like

मनोरंजन