
पेटलावद। दिनांक 02.08.2026 की रात्रि अटल बस्ती, पेटलावद में हरिराम पिता गोमाजी गेहलोत, निवासी धुलेट, जिला धार के साथ मारपीट की घटना हुई थी। गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान हरिराम की मृत्यु हो गई थी।फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना पेटलावद में अपराध क्रमांक 349/2026, धारा 103(1), 115(2), 296(a), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता इस कारण भी बढ़ गई कि आरोपियों द्वारा कथित मारपीट एवं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। वीडियो के माध्यम से पेटलावद शहर सहित राजगढ़ एवं धुलेट क्षेत्र में भय एवं दहशत का वातावरण निर्मित करने का प्रयास किया गया, जिससे आमजन में सनसनी फैल गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा पूर्व में आरोपी अर्जुन उर्फ राजू भूरिया निवासी छोटा माछलिया एवं एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था।
मुख्य आरोपी एवं साथी गिरफ्तार –
प्रकरण में फरार मुख्य आरोपी देवा उर्फ देवीलाल सिंगाड एवं उसके साथी नरसिंह कुमावत की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा लगातार मॉनिटरिंग कर थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे थे। आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि दोनों आरोपी टिमायची क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
देवा उर्फ देवीलाल पिता कच्छु सिंगाड, उम्र 46 वर्ष, निवासी ग्राम महापुरा, हाल संजय कॉलोनी, राजगढ़, जिला धार।
नरसिंह पिता अम्बाराम कोदीवाल, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम सोनगढ़, थाना राजगढ़, जिला धार।
हत्या का कारण
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी द्वारा बताया गया कि मृतक हरिराम से उसकी पहचान थी। आरोपी के अनुसार, महिला से उसके लंबे समय से संबंध थे तथा मृतक और उक्त महिला के बीच भी संबंध होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने आक्रोश में आकर अपने साथियों के साथ मिलकर हरिराम के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान आई गंभीर चोटों के कारण हरिराम की मृत्यु हो गई।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
मुख्य आरोपी देवा उर्फ देवीलाल के विरुद्ध थाना राजगढ़ में पूर्व से विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है।
सराहनीय योगदान
आरोपियों की गिरफ्तारी एवं अनुसंधान में थाना प्रभारी पेटलावद निरीक्षक निर्भयसिंह भूरिया, थाना प्रभारी कालीदेवी निरीक्षक जयराजसिंह सोलंकी, उप निरीक्षक गोवर्धन मकवाना, उप निरीक्षक प्रहलादसिंह चुण्डावत, सउनि लाखनसिंह भाटी, प्रधान आरक्षक 497 पवन चौहान, प्रधान आरक्षक 314 मुकेश सोलंकी, प्रधान आरक्षक 527 अनिल अमलियार, आरक्षक 259 राजेन्द्र परिहार, आरक्षक 147 रविन्द्र बरडे, आरक्षक 164 वेरसिंह, आरक्षक 343 घनश्याम, आरक्षक 307 मुकेश, आरक्षक 227 महेन्द्र चंदेल, आरक्षक 377 प्रकाश भगोरा, चालक आरक्षक मोतीलाल डिण्डोर एवं सायबर सेल झाबुआ की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।
