
आलीराजपुर, जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध यातायात पुलिस के साथ-साथ थाना क्षेत्रों की पुलिस द्वारा पिछले 15 दिनों में सघन अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 993 चालान बनाए गए और 4 लाख 55 हजार 500 रुपये समन शुल्क वसूल किया गया।
पुलिस द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के 132 चालान बनाए गए, जिनसे 39,600 रुपये समन शुल्क वसूल किया गया। इसी प्रकार बिना नंबर के वाहन चलाने पर 393 चालान बनाए गए और 1 लाख 96 हजार 500 रुपये समन शुल्क वसूला गया।
यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर 143 चालान बनाए गए, जिनसे 31,400 रुपये समन शुल्क वसूल किया गया। इसके साथ ही तूफान वाहनों के ऊपर लगे कैरियर भी जप्त किए गए। सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 68 चालान बनाए गए, जिनसे 34 हजार रुपये समन शुल्क वसूल किया गया।
शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले दो वाहन चालकों को भी पुलिस ने पकड़ा। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां प्रत्येक पर 15-15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
हाट बाजारों में भी चलाया जागरूकता अभियान
पुलिस द्वारा कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी किया गया। हाट बाजारों में पी.ए. सिस्टम के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता के संबंध में जागरूक किया गया।
दस्तावेज पूर्ण रखने की अपील
थाना यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक अर्जुनसिंह वास्केल ने आमजन से अपील की है कि अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें और उन्हें अपने साथ अथवा डिजिटल माध्यम से उपलब्ध रखें। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें, वाहन की गति सदैव नियंत्रण में रखें तथा तेज गति से वाहन चलाने से बचें। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।
