
छतरपुर। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर राजनगर विकासखंड के ग्राम टिकुरी निवासी 17 वर्षीय महक शुक्ला को गंभीर हालत में पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा से निःशुल्क भोपाल एम्स भेजा गया। महक को एसएलई, निमोनाइटिस, एनीमिया और हेपेटाइटिस-बी की समस्या के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अमित अग्रवाल ने बेहतर उपचार के लिए एम्स भोपाल रेफर करने की अनुशंसा की।
सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता ने कलेक्टर के निर्देश पर एयर एंबुलेंस की तत्काल व्यवस्था कराई। महक को खजुराहो एयरपोर्ट से एयरलिफ्ट कर एम्स भोपाल भेजा गया, जहां उसे बेहतर उपचार मिल सकेगा।
पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा के माध्यम से अब तक जिले के 14 गंभीर मरीजों को उच्च उपचार के लिए भोपाल भेजा जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार पूर्व में भेजे गए कुछ मरीजों के स्वस्थ होने की जानकारी भी मिली है।
