तीन दिन से लापता 12 वर्षीय बालक का नदी किनारे मिला शव, हत्या की आशंका; संदेही फरार

हरदा। थाना हंडिया क्षेत्र के ग्राम खरदाना से तीन दिन पहले लापता हुए 12 वर्षीय विशाल उर्फ गोलू पिता राजेश कोरकू (कलम) का शव शनिवार को भैंसवाड़ा बैक वाटर क्षेत्र में महेन्द्र गांव लोटिया के पास अजनाल नदी किनारे बरामद हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। शरीर पर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद होगा।

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को डायल-112 के माध्यम से बालक के लापता होने की सूचना मिली थी। परिजनों की शिकायत पर थाना हरदा में अपराध क्रमांक 280/26 के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि विशाल घटना वाले दिन अजनाल नदी के पास बकरियां चराने गया था। उसके साथ मौजूद अन्य बच्चों ने पुलिस को बताया कि गांव का नर्मदाप्रसाद कोरकू वहां आया था और विशाल के पीछे मारपीट करने के इरादे से दौड़ा था। बच्चे डरकर भाग गए, जबकि शाम को बकरियां तो लौट आईं लेकिन विशाल घर नहीं पहुंचा। घटना के बाद से नर्मदाप्रसाद फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

लगातार बारिश और नदी में तेज बहाव के बीच पुलिस तथा SDRF ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया। हंडिया थाना पुलिस के साथ रक्षित केंद्र, 18वीं वाहिनी एसएफ, टिमरनी, रहटगांव और छीपाबड़ थाना पुलिस की टीमों ने मोटर बोट और लाइफ जैकेट की मदद से अजनाल नदी तथा नर्मदा बैक वाटर क्षेत्र में कई गांवों के आसपास लगातार तलाश की। पड़ोसी जिलों देवास और खंडवा पुलिस को भी सूचना दी गई थी तथा इंदिरा सागर डैम प्रबंधन का सहयोग लिया गया।

सर्च अभियान के दौरान परिजनों की सूचना पर पुलिस भैंसवाड़ा बैक वाटर पहुंची, जहां विशाल का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा मिला। खराब मौसम और जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर वीडियोग्राफी और पंचनामा की कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना था और उस पर शरीर तथा चेहरे पर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल से पानी सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। शव को मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार संदेही की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Next Post

24 घंटे में 7.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज

Sat Jul 4 , 2026
आलीराजपुर । आलीराजपुर जिले में बीते 24 घंटे में प्रातः 08 बजे तक 7.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। तहसीलवार आलीराजपुर में 6.8 मि.मि ,जोबट में 16.3 मि.मि ,उदयगढ़ में 19.4 मि.मि, च. शे. आ. नगर में 0.0 मि.मि, कट्ठीवाड़ा में 3.0 मि.मि , सोण्डवा में 0.4 मि.मि कुल […]

You May Like