रिज बाजार, स्कूल की दुर्दशा पर कैंट पार्षद ने जताया विरोध 

जबलपुर। कैंट क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था और कर प्रणाली में व्याप्त समस्याओं को लेकर कैंट पार्षद राजीत यादव ने छावनी परिषद जबलपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजीव कुमार को ज्ञापन सौंपकर त्वरित सुधार की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि रिज बाजार कैंट माध्यमिक शाला को पूर्व में विशेष प्रयासों से पुनः प्रारंभ किया गया था, जहां प्रधान अध्यापिका मेखला कुशवाहा के कार्यकाल में लगभग 280 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत थे। विद्यालय गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा का एकमात्र सहारा था। हालांकि वर्तमान प्रधानाध्यापिका के कार्यकाल में शैक्षणिक माहौल प्रभावित हुआ है, जिससे बच्चों के टीसी काटे जाने और अन्य स्कूलों में पलायन की स्थिति बनी है। इसके कारण विद्यालय की छात्र संख्या में भारी गिरावट आई है। पार्षद राजीत यादव ने आग्रह किया कि विद्यालय में प्रबल इच्छाशक्ति वाले प्रधान अध्यापक की नियुक्ति, योग्य स्टाफ की व्यवस्था, नियमित शाला विकास समिति एवं पेरेंट्स-टीचर मीटिंग आयोजित की जाए, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

दूसरे ज्ञापन में ओल्ड विजयनगर, विजय नगर एक्सटेंशन, विजय टावर, नवनीत एनक्लेव, रद्दा टावर, श्यामलाल मार्केट और मेन रोड रांझी क्षेत्र के निवासियों की ओर से संपत्ति कर में जल कर जोड़े जाने पर आपत्ति जताई गई। पार्षद ने बताया कि इन क्षेत्रों में जल आपूर्ति नगर निगम जबलपुर द्वारा की जाती है, जिसका कर नागरिक पहले से नगर निगम को चुका रहे हैं। इसके बावजूद छावनी परिषद द्वारा संपत्ति कर में जल कर शामिल किए जाने से विशेषकर सेवानिवृत्त नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पार्षद राजीत यादव एवं स्थानीय नागरिकों ने छावनी परिषद से मांग की है कि रिज बाजार विद्यालय को पूर्व की स्थिति में लाया जाए, शिक्षा व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग हो, संपत्ति कर से जल कर की राशि पृथक की जाए।

Next Post

गरोठ पुलिस की त्वरित कार्यवाही, 24 घंटे में हत्या के प्रयास के 2 आरोपी गिरफ्तार

Tue Feb 10 , 2026
गरोठ। मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर थाना गरोठ पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए वृद्ध व्यक्ति पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास करने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान कर 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक […]

You May Like