
नयी दिल्ली, 17 अगस्त ( वार्ता) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और राज्य में चल रही विकास की विभिन्न परियोजना को लेकर उनसे चर्चा की तथा केंद्र-राज्य की संयुक्त परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से और अधिक सहयोग देने की अपील की। श्री फडणवीस ने श्री मोदी से मुलाकात की तस्वीर को सोशल मीडिया एक्स पर साझा करते हुए लिखा, “आज मैंने नयी दिल्ली में हमारे वैश्विक नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाक़ात की। इस दौरान हमने कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की।”
उन्होंने कहा, “मैंने उन्हें कई विकास परियोजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी दी और केंद्र-राज्य की संयुक्त परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से और अधिक सहयोग का अनुरोध किया। हमेशा की तरह श्री मोदी से मिलना प्रेरणादायक रहा और उनसे मिलने से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। विकास से जुड़े मुद्दों पर लगातार और बहुमूल्य मार्गदर्शन तथा महाराष्ट्र को मज़बूत समर्थन देने के लिए मैं उनका सदैव आभारी रहूँगा!”
