रालामंडल रोड पर हथियारों की खेप के साथ पकड़ा तस्कर बैग में छिपाकर रखी थीं 3 देशी पिस्टल और रिवॉल्वर, 4 जिंदा कारतूस भी मिले

इंदौर: तेजाजीनगर पुलिस ने रालामंडल रोड पर संदिग्ध हालत में घूम रहे एक युवक को पकड़कर उसके कब्जे से चार अवैध हथियार और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. आरोपी के बैग से तीन देशी पिस्टल, एक देशी रिवॉल्वर और कारतूस मिले. पुलिस ने हथियारों के साथ वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की है. जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई है.16 अगस्त को टीम आउटर कॉलोनियों और बायपास क्षेत्र में संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी.

इसी दौरान कस्तूरबा ग्राम-रालामंडल रोड पर काले रंग की मोटरसाइकिल पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया. पुलिस की गाड़ी को अपनी ओर आता देखकर वह मोटरसाइकिल पलटाकर निकलने का प्रयास करने लगा. संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसकी पहचान मिथीलेश पिता राधेश्याम लश्करी उम्र 30 साल, निवासी सुपर सिटी, शांति नगर, महू के रूप में हुई. पुलिस ने युवक के कंधे पर टंगे काले रंग के बैग की तलाशी ली तो उसमें तीन लोहे की देशी पिस्टल मिलीं. सभी पिस्टल 32 बोर की मैगजीन वाली बताई गई हैं और उनके हत्थों पर काले रंग का प्लास्टिक कवर लगा था.

बैग से छह राउंड वाली एक देशी रिवॉल्वर और 32 बोर के चार जिंदा कारतूस भी बरामद हुए. पुलिस ने बैग और हथियारों के साथ ही हीरो पैशन प्लस मोटरसाइकिल नम्बर एमपी 09 डीवी 1751 भी जब्त की है. पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. उसके खिलाफ बाणगंगा थाने में 2021 में मारपीट, बंधक बनाने और अपहरण समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज है. तेजाजीनगर थाने में भी 2026 में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार कहां से लेकर आया था और इंदौर में इन्हें किसे सप्लाई करने वाला था. आरोपी से हथियारों के स्रोत और नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है. मामले में थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम ने बताया कि संदिग्धों की चेकिंग के दौरान आरोपी को रालामंडल रोड से पकड़ा. उसके पास से तीन देशी पिस्टल, एक रिवॉल्वर और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. हथियार कहां से लाए गए और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है

Next Post

एशियाई खेलों में दरविश रसूली होंगे अफगानिस्तान टीम के कप्तान

Mon Aug 17 , 2026
काबुल, 17 अगस्त (वार्ता) अफगानिस्तान ने दरविश रसूली की अगुवाई में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेल 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में युवा खिलाड़ियों के साथ नजीबुल्लाह ज़दरान और करीम जनत जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। अफगानिस्तान क्रिकेट […]

You May Like

मनोरंजन