
आलीराजपुर। पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों को पोषण और स्वास्थ्य से जोड़ने की अभिनव पहल के तहत सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान के मार्गदर्शन में ग्राम रामसिंह की चौकी में विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान गांव के प्रत्येक घर के बाहर सुरजना (सहजन) के पौधे लगाए गए।
इस अभियान के तहत 400 से अधिक सुरजना के पौधे कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान एवं सांसद श्रीमती अनिता चौहान ने अपने निवास से वितरित करते हुए ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाए। खास बात यह रही कि रामसिंह की चौकी की सभी फलियों में भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की टीम एक साथ पहुंची, इस कार्य के लिए सांसद श्रीमती चौहान ने कुशल नेतृत्वकर्ता बन कर 1 कार्यकर्ता को 11 घरों की जवाबदारी देकर उन्हें सिर्फ उन घरों पर वृक्षारोपण करने उसी ग्राम रामसिंह की चौकी के एक कार्यकर्ता के साथ भेजा, इस तरह एक ही समय में सामूहिक रूप से सुरजना के पौधो का रोपण किया गया।
यह अभियान टीम वर्किंग और सामूहिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।
सुरजना के लाभ भी बताए
पौधारोपण के दौरान ग्रामीणों को सुरजना के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी गई। बताया गया कि सुरजना की पत्तियां और फलियां पौष्टिक आहार का अच्छा स्रोत हैं तथा इनमें प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, आयरन और कई विटामिन एवं खनिज तत्व पाए जाते हैं।
सुरजना की पत्तियों और फलियों को संतुलित आहार में शामिल करने से पोषण की कमी को दूर करने में मदद, हड्डियों एवं मांसपेशियों के स्वास्थ्य को सहयोग, पाचन के लिए फाइबर की प्राप्ति तथा शरीर को आवश्यक पोषक तत्व मिल सकते हैं। विशेष रूप से इसकी पत्तियों को पौष्टिक भोजन के रूप में उपयोग किया जा सकता है।
ग्रामीणों को यह भी समझाया गया कि सुरजना कोई दवा नहीं है, बल्कि इसे संतुलित एवं विविध आहार के हिस्से के रूप में उपयोग करना अधिक लाभकारी है।
हर घर हरियाली, हर परिवार पोषण
सभी घरों के बाहर लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी संबंधित परिवारों को सौंपी गई। इस पहल का उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना ही नहीं, बल्कि हर परिवार को पोषण, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है।
सांसद श्रीमती अनिता चौहान की इस पहल से आने वाले समय में रामसिंह की चौकी के प्रत्येक परिवार को अपने घर के सामने ही सुरजना की हरी-भरी पौध उपलब्ध होगी, जिससे गांव में हरियाली बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर पौष्टिक आहार का एक अतिरिक्त स्रोत भी तैयार होगा।
रामसिंह की चौकी में सभी फलियों में एक साथ हुए इस सामूहिक वृक्षारोपण ने “एक पौधा—एक परिवार” की भावना को मजबूत किया है। ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
इस अभियान के भाजपा जिला महामंत्री रिंकेश तंवर, मोंटू शाह, जिला उपाध्यक्ष हितेंद्र शर्मा, जिला मंत्री रितेश डावर, जिला मीडिया प्रभारी गोविंदा गुप्ता, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास माहेश्वरी, मंडल अध्यक्ष गिरिराज मोदी, महामंत्री राजेश गुप्ता, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री जितेंद्र राठौड़, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रजापति, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेश सस्तीया, एल्डरमैन संदीप राही, कांति राठौड़, रामनारायण माली, राजू डुमसिंह, अनूप सरपंच डूंगर निगवाल, अभिषेक, हिमांशु , बलवंत वाघेला सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी भूमिका निभाई।
