
जबलपुर। आयशानगर गुर्दा स्थित एक मैदान में बैठकर मोबाइल के जरिए लखनऊ और पंजाब के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर दांव लगवा रहे दो सट्टेबाजों को अधारताल पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने जानकारी देते हुए बताया कि आयशानगर गुर्दा स्थित एक सुनसान मैदान में बिजली खंभे के नीचे मोबाइल के जरिए क्रिकेट सट्टे का अवैध कारोबार कर रहे प्रिंस उर्फ मयंक जैन (36) निवासी करमेता, माढ़ोताल, नौशाद अली (52) निवासी आयशानगर, खजरी खिरिया को घेराबंदी कर पकड़ा गया। मोबाइल पर लखनऊ और पंजाब का मुकाबला देख रहे थे। जांच में पाया गया कि प्रिंस मोबाइल पर भाव देख रहा था, वहीं नौशाद फोन पर ग्राहकों से बात कर सफेद कागज की पर्ची पर सट्टे के अंक लिख रहा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से नगदी 2,600 रुपये, 2 मोबाइल, सट्टा पर्ची और हिसाब-किताब के कागजात जप्त किए है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सट्टा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके तार किन बड़े सटोरियों से जुड़े हैं।
