अलवर, 16 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रविवार को प्रस्तावित अलवर दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद है।
आधिकारिक सू्त्रों ने बताया कि आज दोपहर करीब एक बजे प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। सभा स्थल, हेलीपैड, पार्किंग, यातायात, प्रवेश-निकास और शहर की निगरानी तक हर स्तर पर सुरक्षा का व्यापक योजना तैयार की गयी है।
अलवर सांसद और केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी लगातार अलवर में रहकर इस कार्यक्रम को लेकर विभागीय अधिकारियों और पार्टी के नेताओं की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शनिवार रात को भी सभास्थल पर उन्होंने सभी तैयारियों को जांचा। इस मौके पर जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश, संभागीय आयुक्त , केंद्रीय अधिकारी सहित अलवर के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम में करीब एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए करीब 1500 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया जाएगा। पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार सभा स्थल का निरीक्षण करके व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने शनिवार और रविवार को सुबह सभा स्थल का दौरा करके सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दिल्ली से गृह मंत्रालय के अधिकारी और सुरक्षा अधिकारियों ने सभा स्थल अपने घेरे में ले लिया है।
