
इंदौर। नवरात्रि पर्व के अवसर पर इंदौर के बंगाली क्लब में मां दुर्गा की आराधना पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों के साथ की जा रही है। यहां धुनुची आरती आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। पारंपरिक वेशभूषा में श्रद्धालु हाथों में धुनुची लेकर मां दुर्गा की आरती करते हैं। धुनुची से उठता सुगंधित धुआं, ढाक की गूंज और भक्ति से सराबोर वातावरण पूरे परिसर को आध्यात्मिक रंग में रंग देता है।
धुनुची आरती बंगाली दुर्गा पूजा की विशिष्ट परंपरा है, जिसमें श्रद्धालु धूप से भरी मिट्टी की विशेष पात्रनुमा धुनुची लेकर मां दुर्गा के समक्ष नृत्य करते हुए आराधना करते हैं। इस दौरान भक्तों का उत्साह और मां के प्रति अटूट श्रद्धा देखते ही बनती है। बंगाली क्लब में यह परंपरा धार्मिक आस्था के साथ बंगाली संस्कृति और लोक परंपराओं की सुंदर झलक भी प्रस्तुत करती है। मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठता है
